Chardham Yatra: केदारनाथ पैदल मार्ग पर बड़ा हादसा, पहाड़ी से गिरे मलबे में तीन की मौत, पांच घायल
सारांश
केदारनाथ धाम की यात्रा के दौरान आज बड़ा हादसा हुआ। बारिश के चलते गौरीकुंड के पास यात्रियों पर अचानक पहाड़ी से मलबा और बोल्डर गिर गए, जिससे तीन तीर्थयात्रियों की मौत हो गई और पांच घायल हो गए।
विस्तार
गौरीकुंड-केदारनाथ पैदल मार्ग पर रविवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। चिरबासा के पास पहाड़ी से अचानक भारी मात्रा में मलबा और बोल्डर गिर गए। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि यात्रा पर जा रहे तीन तीर्थयात्रियों की मौत हो गई, जबकि पांच घायल हो गए। अभी भी कई यात्रियों के मलबे में दबे होने की आशंका है। घायलों में से दो यात्री महाराष्ट्र के हैं और अन्य स्थानीय बताए जा रहे हैं। घायलों को उपचार के लिए गौरीकुंड अस्पताल में भेजा गया है।
जानकारी के अनुसार, घटना सुबह साढ़े सात बजे की है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य जारी है। हादसे में मृतकों की पहचान किशोर अरुण पराटे (31) नागपुर, महाराष्ट्र, सुनील महादेव काले (24) जालना, महाराष्ट्र, और अनुराग बिष्ट (तिलवाड़ा, रुद्रप्रयाग) के रूप में हुई है।
बता दें कि केदारनाथ में 16 किमी लंबे गौरीकुंड-केदारनाथ पैदल मार्ग पर हमेशा भूस्खलन का खतरा बना रहता है। चिरबासा भूस्खलन जोन है, जहां हर बरसात में पहाड़ी से पत्थर गिरने से दुर्घटनाएं होती रहती हैं। पिछले वर्ष भी यहां भूस्खलन के कारण एक व्यक्ति की जान चली गई थी।
सीएम धामी ने जताया दुख
केदारनाथ यात्रा मार्ग पर हुए हादसे को लेकर मुख्यमंत्री धामी ने दुख जताया। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा, “पहाड़ी से मलबा और भारी पत्थर गिरने से कुछ यात्रियों के हताहत होने का समाचार अत्यंत दुःखद है। घटनास्थल पर राहत एवं बचाव कार्य जारी है, इस संबंध में निरंतर अधिकारियों के संपर्क में हूं। हादसे में घायल हुए लोगों को त्वरित रूप से बेहतर उपचार उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए हैं। ईश्वर दिवंगतों की आत्मा को श्री चरणों में स्थान एवं शोकाकुल परिजनों को यह असीम दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।”